प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा है कि अब जनता के बीच भाजपा की पोल खुल चुकी है तो उनको बाबा साहेब की याद आ रही है। भाजपा ने जनता के साथ जो वादे किए थे उसे तो पूरा नहीं किया। ऐसे में उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में भाजपा डा. अंबेडकर के नाम का सहारा ले रही है। शुक्रवार को पत्रकारों के पूछे गए सवाल के जवाब में आजम खां ने कहा कि भाजपा भी एक दल है, जो किसी महापुरुष के नाम को भुनाने की कोशिश करेगी।
छ दिनों तक बसपा ने बाबा साहेब के नाम को भुनाया। इससे पहले कांग्रेस ने ब्रांड बना रखा था। उन्होंने कहा कि अब भाजपा का हर जगह से सफाया हो रहा है। लोग उन पर वादा खिलाफी का आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में उनको किसी के नाम के सहारे की जरूरत तो पड़ेगी। इसलिए अब वह बाबा साहेब के नाम का सहारा ले रही है। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के आरएसएस से होशियार रहने संबंधी बयान पर कहा कि ये कब से?, कब से होशियार रहे?
ये भी बताएं कि अब से होशियार रहें या पहले से होशियार रहें? क्योंकि वो पहले तो सरकार आरएसएस और बीजेपी के साथ बना चुकी हैं। यह भी कह चुकी हैं कि कुछ इंतहा पसंद मुसलमानों की वजह से हमने अपना वोट बैंक ट्रांसफर कराया, ये रिकार्ड की चीज है। आजम खां और गवर्नर के बीच चल रहे विवाद में अमर सिंह द्वारा उनका पक्ष लिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें सच्चाइयों का एहसास होना चाहिए। दिल से बोलने वाला सही कह रहा है।