रामपुर। सांसद आजम खां के करीबी शाहजेब खां को पुलिस ने एनआरसी प्रकरण में दर्ज मामले में गिरफ्तार कर लिया है। शाहजेब खां के खिलाफ डूंगरपुर स्थित आसरा कॉलोनी में मकानों में तोड़फोड़ करने और लूटपाट करने के मामले में भी चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए चार हजार रुपये के पुरानी करेंसी के पांच-पांच सौ के नोट, एक जोड़ी पायल बरामद करने का दावा किया है।
सपा सरकार में शहर स्थित डूंगरपुर में आसरा कॉलोनी का निर्माण कराया गया था। इसके लिए वहां के लोगों के मकानों को खाली कराने के लिए जबरन तोड़फोड़ की गई थी। अब जब भाजपा की सरकार आई तो इस मामले में गंज थाने में चार मुकदमे भी दर्ज हुए। इसमें आरोप है कि चौक मोहम्मद सईद खां निवासी शाहजेब खां भी सपाइयों के साथ मिलकर लोगों के घरों में तोड़फोड़, लूटपाट, मारपीट, गाली गलौच की थी। इसके अलावा कोतवाली में भी एनआरसी को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ करने के मामले में भी दो मुकदमों में विवेचना के दौरान उनका उनका नाम प्रकाश में आया था। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने शाहजेब खां को गुरुवार को तोपखाना रोड से गिरफ्तार कर लिया। एसपी शगुन गौतम ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि आसरा कॉलोनी डूंगरपुर की भूमि को खाली कराने के लिए तत्कालीन मंत्री आजम खां के कहने पर वहां रहने वाले लोगों को अनेकों बार मौखिक रूप से बताया गया था, परंतु फिर भी वे लोग जमीन खाली नही कर रहे थे। इसलिए उनके घर में घुसकर तोड़फोड़, लूटपाट आदि की गई थी। पैसे एवं जेवर डूंगरपुर के मकानों को तोड़ते समय लूटे थे। पुलिस का दावा है कि शाहजेब खां ने स्वीकार किया है कि एनआरसी को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में भी उन्होंने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया था और तोड़फोड़ और आगजनी भी की थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से चांदी की एक जोड़ी पायल तथा पांच-पांच सौ के पुरानी करेंसी के आठ नोट बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको अस्थायी जेल भेज दिया गया।