रोहडू। रोहडू तहसील के तहत गावणा गांव निवासी एक महिला से उसकी जमीन पर टावर लगाने के नाम पर शातिरों ने करीब दस लाख रुपये ठग लिए। ठगी का एहसास होने पर महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महिला ने आरोप लगाया है कि इसी वर्ष जनवरी 2020 में एक अज्ञात मोबाइल नंबर 78963-45945 से उनको फोन आया। शातिर ने अपनी पहचान सुखबीर के रूप में बताई। उसने महिला को बताया कि सोलन में स्टार इंडिया इंटरप्राइजेज कंपनी आपकी जमीन में एक टावर स्थापित करना चाहती है। उससे कहा गया कि इसके बाद एक फोन काल आपको एचएफसीएल इंफोटेक लिमिटेड से आएगी। इसके अगले दिन मोबाइल नंबर 91267-43449 से एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम देव मिश्रा बताया। उसके बाद फिर से दीपक चौहान के नाम से फोन आया। उन्होंने महिला को बताया कि उसने अलग-अलग जगहों पर मोबाइल सर्वर स्थापित किए हैं। महिला ने उसकी बातों में आकर 13-1-2020 को उसके कहे अनुसार राज कुमार नामक व्यक्ति के खाते में 2450 रुपये जमा करवा दिए। उसके बाद उसने लगातार विभिन्न खातों में राशि डाली दी। कई खातों में शातिरों ने महिला से 10,02,478 रुपये की राशि जमा करवा दी। जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो पुलिस थाना रोहडू में शिकायत दर्ज करवाई गई। डीएसपी रोहडू सुनील नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा लोग इस प्रकार के ठगों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बैंक खाते एटीएम, एटीएम पिन और अन्य जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा गावणा निवासी महिला की शिकायत पर एसआई रामस्वरूप जांच कर रहे हैं।