रामपुर। सांसद आजम खां, विधायक तजीन फात्मा और उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम को शनिवार रामपुर की एडीजे-6 की कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट ने तीनों को शनिवार को पेश करने का आदेश दिया है। शनिवार को अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले की सुनवाई भी है। इसके अलावा जिन मामलों में कोर्ट ने पुलिस से रिपोर्ट तलब की है, उसमें आख्या आनी है। इस वजह से कोर्ट ने शनिवार को आजम खां, तजीन फात्मा और उनके पुत्र अब्दुल्ला को पेश करने का आदेश दिया है।
आजम खां ने बुधवार को कोर्ट में 17 मामलों में आत्मसमर्पण किया था। उसमें कोर्ट ने पांच मामलों में बुधवार को जमानत दे दी थी। आठ मामलों में गुरुवार को जमानत मिल गई। कोर्ट ने कुछ मामलों में पुलिस से रिपोर्ट तलब की थी। पुलिस की रिपोर्ट शनिवार को आने की संभावना है। इसके साथ ही अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र, दो पैन कार्ड और दो पासपोर्ट होने के आरोप में दर्ज मुकदमों की भी सुनवाई है। इन मुकदमों की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने शनिवार को आजम खां, तजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम को तलब किया है। कोर्ट ने आदेश दिया है कि शनिवार को सुनवाई के दौरान तीनों को पेश किया जाए। शासकीय अधिवक्ता अजय तिवारी ने बताया कि कोर्ट ने शनिवार को सांसद आजम खां, तजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम को पेश करने का आदेश दिया है।