संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सियासी तीर चलाते हुए कहा कि सरकारी खर्चे पर अस्सी करोड़ के कपड़े पहनने वाले बादशाह अपने आपको फकीर कहकर नोटबंदी के बाद लाइन में लगी देश की जनता का मखौल उड़ा रहे हैं। वह कह रहे हैं कि मैं तो फकीर हूं झोला लेकर चला जाउंगा, देश की जनता उन्हें इतनी आसानी से नहीं भागने देगी।
कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां ने सोमवार को टांडा-दढ़ियाल बाजपुर मार्ग तथा मातृत्व एवं शिशु कल्याण केंद्र के लोकार्पण के मौके पर रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में कहा कि कहीं मां ने बेटी की शादी के लिए पैसे न मिलने पर लाइन में लगे-लगे जान दे दी तो कहीं मां की मौत पर बेटी ने आत्महत्या कर ली। पूरे देश से ऐसी खबरें आ रही हैं। लेकिन प्रधानमंत्री इन सब बातों से अनजान बने हुए हैं।
मोदी जी अगर पत्नी को पत्नी नहीं कह सकते, जिनकी मां ऑटो में बेटे का पता पूछती रही है, उनके मुंह से बेटियों की बात सुनना शोभा नहीं देता है, वो मां की कोख की बेइज्जती कर रहे हैं। आजम ने कहा कि राजनीति में दो तरह के लोग अच्छे नहीं होते हैं। जो इंसान अपनों का नहीं हुआ वो अवाम का कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा की मोदी जी ने पिछले दो सालों में सरकारी खर्चों पर अस्सी करोड़ के कपड़े पहने हैं और कहते हैं झोला लेकर चला जाऊंगा।
पूरे देश को लाइन में लगा दिया, अपने पैसे के लिए भी भिखारी बना दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के अंदाज में कहा की मित्रों अच्छे दिन आएंगे लेकिन वो ठगने वालों की तरह नहीं सच के अच्छे दिन आएंगे।