फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: अक्षय तृतीया पर गुलजार रहा ऑटोमोबाइल-सराफा कारोबार

Thu, 01 May 2025 02:19 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर । अक्षय तृतीया पर जिले भर की सोने-चांदी और ऑटोमोबाइल के शोरूम में ग्राहकों की भीड़ रही है। नैनीताल और बिलासपुर मार्ग पर ऑटोमोबाइल्स के शोरूम में पूरे दिन ग्राहक खरीदारी करते नजर आए। वहीं, सिविल लाइन और ज्वाला नगर में स्थिति ज्वैलर्स की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जमा रही। बिक्री को देख कारोबारियों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। इस तरह करोड़ों रुपये के वाहन और सोने-चांदी के आभूषण लोगों ने खरीदकर अक्षय तृतीया पर्व पर शगुन मनाया है।
विज्ञापन

सराफा व्यापारियों ने बताया कि उनकी उम्मीद से अधिक ग्राहक शोरूम में आए। एक अनुमान के तहत कारोबारियों ने बताया कि अक्षय तृतीया पर जिले में करीब 10 करोड़ रुपये के आभूषणों की बिक्री हुई है। बड़ी बात यह रही कि अन्य दिनों की अपेक्षा अक्षय तृतीया के दिन सोने और चांदी के भाव में कमी भी देखने को मिली। शौकत अली मार्ग पर सिविल लाइन में रमासिंघल ज्वैलर्स के शशांक सिंघल ने बताया कि सोमवार-मंगलवार को जहां 10 ग्राम 24 कैरेट साेने का भाव 99 हजार रुपये था, वहीं अक्षय तृतीया के दिन 97,500 रुपये के भाव में बिका है। इसी तरह चांदी के जेवरों के मूल्य पर दो हजार रुपये की गिरावट रही है। 98,500 रुपये प्रति किग्रा के भाव में बिकने वाली चांदी बुधवार को 97 हजार रुपये में बिकी है। इस तरह सोने-चांदी की बंपर बिक्री से कारोबारियों का उत्साह दोगुना रहा है। इस दौरान देखने में आया कि महंगाई के चलते हलके वजन के गहने लोगों ने ज्यादा पसंद किए। एक से आठ ग्राम तक के सोने के सिक्के की बिक्री अधिक रही। टॉप्स, अंगूठी, कानों की बालियां और पेंडेंट लोगों ने खरीदे। बड़े शोरूम पर छोटे दुकानदारों के मुकाबले ज्यादा भीड़ रही। उधर, बड़े कारोबारियों ने शोरूम को बाहर से अंदर तक आकर्षक ढंग में सजाया था। काउंटर पर सोने व डायमंड के आइटम सजाए गए थे। गहनों की खरीद पर कुछ न कुछ ग्राहकों को उपहार भी दिया जा रहा था।
सराफा बाजार में बंद रहीं दुकानें

व्यापारियों ने बताया कि जिले में सराफा की करीब 300 दुकानें हैं। इनमें बुधवार के दिन बंदी के कारण शहर में सराफा बाजार, पुरानागंज, बैजनाथ गली दुकानें बंद रहीं। यहां करीब 100 दुकानें हैं। लेकिन, सिविल लाइन और ज्वाला नगर में सराफा की सभी दुकानें खुली और यहां खूब भीड़ रही।
विज्ञापन

बाइकें ही नहीं, ट्रैक्टर भी बिके
आरएन मोटर्स के निर्मल सिंह बहुत उत्साहित दिखे। बताया कि अक्षय तृतीया पर्व पर ऑटोमोबाइल्स की बहुत अच्छी बिक्री हुई है। करीब 150 बाइकें बिकी हैं। इसके अलावा पांच ट्रैक्टर भी उन्होंने डिलीवरी दी है। तुषार मंगलम ने बताया कि उम्मीद से भी अधिक संख्या में लोग उनके यहां से बुलेट खरीदकर ले गए हैं। करीब 50 बुलेट बिकी हैं।

ग्रामीण क्षेत्र में भी दिखा उत्साह
बिलासपुर। सराफा कारोबारियों में सुबह से ही काफी उत्साह देखा गया। दुकानों में ग्राहकों गहने खरीदते दिखे। सराफ संगठन के महामंत्री गगन अग्रवाल ने बताया कि अक्षय तृतीया और सहालग को देखते हुए आभूषणों की बिक्री ठीक है। नगर की पुरानी तहसील रोड, सिनेमा रोड, माटखेड़ा रोड, रामपुर रोड पर ज्वेलर्स की दुकानों पर लोगों की खरीदारी दिखाई दी। शाहबाद
क्षेत्र में सुबह से ही ग्रामीण इलाकों से ग्राहकों ने सोने चांदी की दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी करना शुरू कर दी थी। कारोबारी निशु रस्तोगी ने बताया कि शाहबाद में हिंदू आबादी कम है, बावजूद उसके ग्राहकों ने खरीदारी अच्छी की है। सोने के भाव का भी ग्राहकों पर कोई खास फर्क दिखाई नहीं दिया है। मिलक
कस्बे में सराफा विक्रेता सुशील कुमार ने बताया कि अक्षय तृतीया पर सोने-चांदी की सामान्य बिक्री रही है।
-
अक्षय तृतीय पर लें सेवा का संकल्प : दिनेश
रामपुर। जैन इंटर कॉलेज में अक्षय तृतीया का महापर्व और भगवान परशुराम जन्मोत्सव मनाया गया। जिसमें भगवान परशुराम की महिमा का बखान किया गया।
मुख्य अतिथि एवं कॉलेज के प्रबंधक दिनेश जैन सेठी और प्रधानाचार्य हरीश डुडेजा और मुनीश चंद्र शर्मा ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रधानाचार्य हरीश डुडेजा ने कहा कि हमारे त्योहार हमें मानवीय गुणों की प्रेरणा देते हैं। लोग इस दिन सोने और चांदी की बहुमूल्य वस्तुएं खरीदते हैं। भले ही यह न खरीदें, लेकिन अपने अंदर मानवीय मूल्यों को विकसित अवश्य करें। मुनीश चंद्र शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम शस्त्र और शास्त्र के ज्ञाता थे। जहां जिसकी आवश्यकता हुई वहां उन्होंने उसी का प्रयोग करके मानवता और मानवीय मूल्यों की रक्षा की। इससे पूर्व विशाल सक्सेना और अर्जुन सिंह ने अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया। निर्भय कुमार जैन ने मुनीश चंद्र शर्मा को संस्कार भारती और भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर पटका पहनाकर पूरे स्टाफ की ओर से सम्मानित किया। अंत में आरती की गई और सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।


गन्ने के जूस बांटा, महिलाओं ने खरीदे आभूषण
स्वार/मसवासी। नगर में अक्षय तृतीया का पर्व श्रद्धाभाव से मनाया गया। मसवासी में जैन मिलन समाज द्वारा भगवान आदिनाथ के प्रथम आहार स्मृति दिवस के रूप में गन्ने के रस का वितरण किया गया। इधर, स्वार में अक्षय तृतीया पर महिलाओं ने आभूषणों की खरीदारी की।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से अध्यक्ष अमिता जैन, उपाध्यक्ष रुचि जैन, प्रीति जैन, मंत्री अभिषेक जैन, राजीव जैन, हर्षित जैन, आर्यन जैन, आंचल जैन, अनिता जैन आदि ने सेवा कार्य में भाग लिया। इस अवसर पर नगरवासियों को शीतल गन्ने का रस वितरित कर पुण्य का लाभ लिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें