केमरी(रामपुर)। अपनी मां के साथ कमरे में सो रही एक आठ वर्षीय मासूम के साथ गांव निवासी एक युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोप लगा है। साथ ही बेटी को बचाने आई मां का गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का भी आरोप है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे वह अपनी आठ वर्षीय बेटी के साथ बरामदे में सोई थी। उसके पिता बाहर आंगन में सो रहे थे। रात करीब 1:30 बजे गांव का ही एक युवक उसके घर में घुस आया और उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा।
बेटी की आवाज सुनकर वह जागी तो देखा युवक उसकी बेटी के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था। उसने बेटी को बचाने का प्रयास किया तो युवक ने उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर उसके पिता व पड़ोस के लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की मगर वह मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया।