टांडा में आसरा आवास का लिंटर गिर जाने के मामले में प्रशासन ने जांच बैठा दी गई है। प्रशासन ने इंजीनियरों की टीम बनाकर तकनीकी जांच रिपोर्ट मांगी है। साफ किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद इस मामले के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
टांडा में आसरा आवासों का निर्माण कराया जा रहा है। गत दिवस यहां पर अब्दुल रऊफ के बन रहे एक आवास का लेंटर भरभराकर गिर गया। लिंटर गिरने से बड़ा हादसा होने से टल गया,लेकिन आसरा आवास योजना के निर्माणधीन मकान का लिंटर गिरने से आवास के निर्माण की गुणवत्ता पर सवालिया निशान जरूर लग गया। लिंटर गिरने के साथ ही कई आवासों में दरार भी आ जाने की बात कही जा रही है। यानि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगाए जाने के आरोप अब लगने लगे हैं। आवासों की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों का जवाब जानने के लिए प्रशासन भी गंभीर हो गया है।
जिलाधिकारी अमित किशोर ने आसरा आवास का लिंटर गिर जाने और अन्य आवासों में दरार आ जाने के मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच बैठा दी है। जिलाधिकारी ने आरईएस के अधिशासी अभियंता व पीओ डूडा के नेतृत्व में कमेटी का गठन कर कार्रवाई कराने के निर्देश जारी किए हैं। जांच रिपोर्ट तीन दिन के भीतर मांगी गई है।