रामपुर। आयुष्मान भारत योजना के तहत आशा कार्यकर्ता और संगिनी को भी जोड़ा जाएगा। इसके तहत इनके परिवार के सदस्यों सहित पांच लाख तक का निशुल्क इलाज संभव हो सकेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग डाटा जुटाने की तैयारी में लग गया है।
शासन स्तर से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना चलाई जा रही है। इसके तहत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को निशुल्क पांच लाख रुपये प्रतिवर्ष इलाज की व्यवस्था है। इसके साथ ही यह योजना के पात्र परिवार शासन की अन्य योजनाओं का भी लाभ ले सकते हैं। पूर्व में इस योजना का लाभ बीपीएल राशन कार्डधारकों को दिया जा रहा था। बाद में अंत्योदय राशन कार्ड और श्रम कार्ड धारकों को भी योजना में शामिल किया गया था लेकिन, अब शासन ने इस योजना में आशा कार्यकर्ता और आशा संगनियों को भी जोड़ने का निर्णय लिया है। इस संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निर्देशक की ओर से आदेश मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगनियों का डाटा तैयार किया जा रहा है।