आरिफ चौधरी सैदनगर के ब्लाक प्रमुख होंगे। इस पद के लिए किसी और उम्मीदवार की ओर से नामांकन न दाखिल किए जाने के बाद उनका यहां से निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुना जाना तय है। हालांकि इसकी अधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। ब्लाक प्रमुख पद के लिए सैदनगर से बीडीसी सदस्य आरिफ चौधरी ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया।
चौधरी जुलूस की शक्ल में समर्थकों के साथ ब्लाक कार्यालय पहुंचे। एआरओ अनुज कुमार के समक्ष नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के आखिरी समय तीन बजे तक किसी और ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसके बाद पर्चे की जांच हुई, जिसमें पर्चा ठीक पाया गया।
चौधरी समर्थकों में खुशी छा गई और वो नारेबाजी करने लगे। एसडीएम टांडा युगराज सिंह, सीओ स्वार शुएब इकबाल, खंड विकास अधिकारी जयस्वरूप भटनागर, एसओ टांडा सुरेंद्र सिंह, सैदनगर प्रभारी बीपी सिंह, एडीओपी राम सिंह, वीडीओ धनंजय सिंह और नोमान खां मौजूद रहे।