रामपुर। रामपुर जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। जेल की चाहरदीवारी पर 750 मीटर इलेक्ट्रिक फेंसिंग वायर लगाया गया है। अब बाउंड्री वॉल कूदने की कोशिश करने वाले कैदी, बंदी या बाहरी व्यक्ति को 240 वोल्ट का झटका लगेगा। इसके साथ ही 30 बैरकों में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
शासन जेलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। रामपुर जेल में सपा नेता आजम खां और उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम भी बंद हैं। जेल प्रशासन ने कैदियों के फरार होने या किसी बाहरी व्यक्ति के जेल परिसर में प्रवेश करने की आशंका को देखते हुए बाउंड्री वॉल पर इलेक्ट्रिक फेंसिंग कराई है, जिसमें 240 वोल्ट का डीसी करंट प्रवाहित हो रहा है।
ऐसी स्थिति में यदि कोई व्यक्ति बाहर से जेल में प्रवेश करने या कोई कैदी जेल से बाहर निकलने के लिए चाहरदीवारी पार करने का प्रयास करता है, तो उसे बिजली का तेज झटका लगेगा।
जेलर सुनील सिंह ने बताया कि आठ लाख रुपये की लागत से जेल की चाहरदीवारी पर 750 मीटर इलेक्ट्रिक फेंसिंग वायर लगाया गया है। इसके अलावा 15 लाख रुपये की लागत से जेल की 30 बैरकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।