रामपुर। स्वार नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष शफीक अहमद अंसारी ने सपा नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम की स्वार विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। उन्होंने भाजपा के सहयोगी अपना दल(एस) से पर्चा भरा है। उधर सपा से अनुराधा चौहान ने भी नामांकन कराया गया है। इसके अलावा तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन कराकर चुनाव में ताल ठोकी है।
मुरादाबाद की कोर्ट से छजलैट प्रकरण में दो साल कैद की सजा मिलने के बाद सपा नेता आजम खां के पुत्र अब्दुल्ला आजम की विधायकी निरस्त कर दी गई थी। जिसके बाद चुनाव आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव कराने का ऐलान कर दिया था। उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित थी। बुधवार देर रात भाजपा-अपना दल एस गठबंधन से शफीक अहमद अंसारी को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। जिसके बाद बृहस्पतिवार को उनका नामांकन दाखिल कराने के लिए प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष सिंह पटेल रामपुर पहुंच गए। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, सांसद घनश्याम सिंह लोधी, शहर विधायक आकाश सक्सेना, पैक्सपेड के चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, पूर्व विधायक अली यूसुफ अली समेत तमाम नेताओं की मौजूदगी में प्रत्याशी शफीक अहमद अंसारी का नामांकन दाखिल कराया। इससे पहले रंगोली मंडप में सभा हुई। जिसमें कैबिनेट मंत्री ने कहा कि रामपुर आकर यह स्पष्ट नजर आ रहा है कि पार्टी चुनाव जीतेगी। उधर सपा प्रत्याशी अनुराधा चौहान ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसके साथ ही पीस पार्टी से मो. इरफान और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सुरेश सिंह, सुभाष सिंह व रफीक ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया है। संवाद