रामपुर। मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में शेष छह किसानों को भी उनकी जमीनों पर कब्जा दिला दिया है। इस तरह प्रशासन ने सभी 26 किसानों को उनकी जमीन दिला दी है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के आलियागंज के 26 किसानों का आरोप है कि सांसद आजम ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर रखा है। इसको लेकर उन्होंने कई जगह शिकायतें कीं थीं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही थी। जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने कुछ माह पहले इस मामले में गाटा संख्या के आधार पर जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद किसानों की शिकायत के आधार पर अजीमनगर थाने में सांसद आजम और पूर्व सीओ आले हसन के खिलाफ 26 मुकदमे दर्ज किए गए। प्रशासन ने भी अपनी ओर से एक मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले मे आजम खां के खिलाफ भूमाफिया की कार्रवाई भी हुई है। जमीन पर कब्जा करने के आरोप मे जो मुकदमे दर्ज हुए हैं उसकी विवेचना अभी पुलिस कर रही है। गुरुवार को एसडीेएम सदर ने आलियागंज के 26 में से 20 किसानों को उनकी जमीन पर कब्जा दिला दिया था शुक्रवार को तहसीलदार प्रमोद कुमार टीम के साथ जौहर यूनिवर्सिटी पहुंच गए, जहां शेष छह किसानों को उनकी जमीन वापस दिलाई। तहसीलदार ने बताया कि किसानों को उनकी जमीन पर कब्जा दिला दिया है।