मिलक। पिपला शिव नगर स्थित विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार रात कुछ लोगों ने हंगामा कर बिजली कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। आरोप है कि कर्मचारियों को धमकाकर बिजलीघर से बाहर निकालने के बाद उपकेंद्र पर ताला लगा दिया गया।
इससे करीब एक घंटे तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। मामले में बिजलीघर के अवर अभियंता रजनीश कुमार ने मिलक कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर में जेई ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे बिजलीघर पहुंचे। आरोप है कि वहां तैनात एसएसओ हरिमोहन और लाइनमैन अजय के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई। इसके बाद दोनों कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए बिजलीघर से बाहर निकाल दिया गया।
जेई ने बताया कि आरोपियों ने बिजलीघर में ताला लगा दिया और वहां रखा फर्नीचर भी बाहर फेंक दिया। घटना के चलते बिजलीघर से जुड़े करीब 102 गांवों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। करीब एक घंटे बाद स्थिति सामान्य होने पर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।
जेई ने तहरीर में सरकारी कार्य में बाधा डालने, विद्युत आपूर्ति बाधित करने और बिजली कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बिजलीघर के कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई है। बताते हैं कि लोग बिजली कटौती से नाराज थे। इसी को लेकर लोगों का गुस्सा भड़का था।
सीओ पीपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।