नर्सिंगहोम पर इलाज से हाथ खींचने का आरोप, महिला की हालत नाजुक, स्वास्थ्य विभाग करेगा जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वार। क्षेत्र के चुन्नावाला रायपुर गांव निवासी एक परिवार ने नगर में रामपुर मार्ग स्थित एक नर्सिंगहोम पर गर्भवती महिला के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा और नारेबाजी की। आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। नर्सिंगहोम संचालक ने उपचार का खर्च वहन करने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर चुन्नावाला निवासी मनजीत सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी पांच माह की गर्भवती थी। तबीयत बिगड़ने पर चार दिन पहले वह उसे स्वार नगर स्थित बिजलीघर के सामने एक निजी नर्सिंगहोम में भर्ती कराकर आया था। परिजनों का कहना है कि उपचार के दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही, जिसके बाद स्टाफ ने इलाज से हाथ खींच लिया और कहीं और ले जाने की बात कह दी।
मनजीत के मुताबिक वह पत्नी को पहले बाजपुर ले गया, जहां गंभीर हालत देख भर्ती करने से इन्कार कर दिया गया। इसके बाद काशीपुर के एक नामचीन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में गर्भस्थ शिशु की मौत की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर मृत शिशु को बाहर निकाला। फिलहाल महिला का उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सोमवार को मामले से नाराज परिजन स्वार स्थित नर्सिंगहोम पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए। बाद में नर्सिंगहोम संचालक ने उपचार खर्च वहन करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चौधरी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मंगलवार को जांच टीम भेजी जाएगी, रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।