सैफनी। नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच की महिलाएं और कुछ युवक विकास कार्यों की कमी, गंदगी और कॉलोनी संबंधी शिकायत लेकर चेयरमैन के पास पहुंचे। इसी दौरान एक व्यक्ति मुख्यमंत्री आवास योजना का ऑनलाइन आवेदन कर रहा था, तभी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
शुक्रवार की दोपहर को कहासुनी के बाद हुए विवाद के दौरान चेयरमैन के निजी सुरक्षा गार्ड ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज युवक अपने परिजनों के साथ चेयरमैन के आवास पहुंच गया और विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा करने लगा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि अपात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है, जबकि पात्र लोग वंचित हैं। बाद में स्थानीय लोगों ने समझाकर मामला शांत कराया। वहीं, दिलशाद ने शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वार्ड नंबर पांच में अपात्र व्यक्तियों को लाभ दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक सभासद ने अपने ही परिवार के कई सदस्यों को योजना का लाभ दिलाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं चेयरमैन फैजान खां ने बताया कि युवक दफ्तर में आकर अभद्रता कर रहा था, जिस कारण सुरक्षा कर्मी ने उसे बाहर निकाल दिया था। इसके बाद शिकायत लेकर आए परिजनों को समझाकर वापस भेज दिया गया।