रामपुर। जमीन के फर्जी बैनामे के जरिये धोखाधड़ी कर 14.50 लाख रुपये हड़पने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गंज थाना क्षेत्र के बमनपुरी गांव निवासी ऋषिपाल के अनुसार, जगत सिंह के बेटे राजेंद्र कुमार ने जमीन के एक हिस्से का फर्जी बैनामा कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि उसने जमीन खरीदने के लिए रुपये दिए थे, लेकिन बाद में पता चला कि जमीन का बैनामा किसी दूसरे के नाम कर दिया गया है।
ऋषिपाल के मुताबिक, मामले की शिकायत अधिकारियों से करने पर जांच हुई और 18.50 लाख रुपये में समझौता तय हुआ। आरोप है कि राजेश कुमार ने चार लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन बाकी 14.50 लाख रुपये नहीं दिए। पीड़ित का कहना है कि रुपये मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने ऋषिपाल की तहरीर पर राजेंद्र कुमार के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।