शाहबाद। शाहबाद-आंवला रोड पर सोमवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। यह हादसा भगवंतपुर गांव के पास हुआ।
मृतकों की पहचान बरेली के सिरौली निवासी बिलाल (23) और तालिब (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों दोस्त सोमवार रात करीब 11 बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी हो गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर फरार वाहन को तलाशा जाएगा। संवाद