अक्षय तृतीया पर बाजार पूरे दिन गुलजार रहे। लोगों ने सोने चांदी के आभूषणों की जमकर खरीदारी की। किसी ने मान्यताओं को ध्यान में रखकर महज औपचारिकता निभाई तो कोई शुभ योग देखकर पहली बार आभूषण खरीदने पहुंचा। इस बीच दिनभर में करीब ढाई करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
बुधवार को अक्षय तृतीया का पर्व था। इस दिन सोने की खरीदारी शुभ मानी जाती है। लिहाजा, बड़े पैमाने पर लोग सोने चांदी के आभूषणों की खरीदारी करते हैं। वहीं, बाजार भी मौके को भुनाने के लिए तैयार थे। ग्राहकों को लुभाने के लिए आभूषणों के शोरूम सजाए गए थे।
इस बीच शोरूम पर डिजाइनर ज्वैलरी का खास इंतजाम किया गया था। अपनी ओर से कई ऑफर भी दिए गए थे। लोगों ने सोने के कुंडल, अंगूठी, चेन, नाक की पिन आदि तरह-तरह के आभूषणों की खरीदारी कर शगुन किया। सोने चांदी के कारोबारियों की मानें तो इस बार यह कारोबार करीब ढाई करोड़ रुपये तक पहुंच गया।