रामपुर। जनपदीय मिनी क्रीड़ा एवं शैक्षिक प्रतियोगिता की व्यक्गित स्पर्धा अजय, प्रदीप, रानिश और अंजलि ने जीती। आल ओवर चैंपियनशिप पर चमरौआ ब्लॉक की टीम ने कब्जा कर लिया। डीएम ने आल ओवर चैंपिशियन रहे चमरौआ ब्लाक के खिलाड़ियों को ट्राफी देकर सम्मानित किया।
शहीदे आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई जनपदीय क्रीड़ा में तीन दिन जिलेभर के सभी ब्लाकों के बच्चों ने खेलों में जौहर दिखाया। बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता के समापन पर हुईं प्रतियोगिताओं का उद्घाटन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने किया। साथ ही उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। डीएम ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बस, उनके अंदर छुपी प्रतिभा को बाहर निकालने और निखारने की जरूरत है। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में चमरौआ की टीम विजयी रही। जबकि, सैदनगर रनर अप रहा। प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में स्वार चैंपियन रहा। जबकि, सैदनगर रनर अप रहा। प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग में सैदनगर चैंपियन रहा। जबकि, मिलक रनर अप रहा।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में चमरौआ के अजय ने चैंपियनशिप जीती। बालिका वर्ग में सैदनगर की राशिन ने चैंपियनशिप पर कब्जा किया। उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में चमरौआ के प्रदीप ने चैंपियनशिप जीती। जबकि, बालिका वर्ग में अंजलि ने चैंपियनशिप जीती। इसके अलावा उच्च प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग 400 मीटर दौड़ में चमरौआ की कशिश ने पहला, 400 मीटर रिले दौड़ में चमरौआ की टीम पहले स्थान पर रही।
चक्का फेंक में सैदनगर की अंजलि, गोला फेंक में मिलक की रानी पहले स्थान पर रही। कबड्डी और खोखो में चमरौआ ब्लाक ने बाजी मारी। वॉलीबॉल, बैडमिंटन एकल और बैडमिंटन डबल में सैदनगर की टीम पहले स्थान पर रही। उच्च प्राथमिक स्तर बालक वर्ग चक्का फेंक में स्वार के देव यादव ने पहला, गोला फेंक में चमरौआ के सुधांशु ने पहला स्थान प्राप्त किया। खो खो में शाहबाद ब्लाक की टीम पहले स्थान पर रही। 400 मीटर दौड़ चमरौआ के अतुल ने पहला, कबड्डी में चमरौआ, वॉलीबॉल में मिलक, बैडमिंटन एकल में शाहबाद ने पहला और बैडमिंटन डबल में चमरौआ ने पहला स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल में बिलासपुर और किशक्रेट में चमरौआ की टीम पहले स्थान पर रही।
अंत में बीएसए कल्पना सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मुनेश कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी मिलक विनोद कुमार, बीईओ विजय विरेंद्र सिंह, विजय कुमार, त्रिलोकीनाथ, प्रेम सिंह राणा, जिला व्यायाम शिक्षक सलीम मियां, अनीसा लतीफ, डीसी मिड डे मील राहुल सक्सेना आदि मौजूद रहे।