रामपुर में लॉकडाउन खुलने के बाद सोमवार को राजद्वारा रोड पर लगी भीड़। संवाद
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दो दिन बंद शहर के बाजारों में दुकानों के ताले खुल गए। ऐसे में लोग बड़ी तादाद में खरीदारी करने के लिए बाजार में आ गए। किसी ने ईद के मद्देनजर कपड़ों की खरीदारी की तो किसी ने घर के राशन और सब्जियों की। दिनभर बाजार में यही हाल रहा। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती रहीं।
कोरोना संक्रमण के मामलों में दिन व दिन इजाफा होता जा रहा है। हर रोज तमाम संक्रमित लोगों की जानें जा रही हैं। जबकि, नए संक्रमितों के मिलने का भी सिलसिला जारी है। ऐसे में लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए सरकार की ओर से साप्ताहंात लॉकडाउन का एलान किया गया है। इसके तहत शुक्रवार को रात आठ बजे से लेकर सोमवार को सुबह सात बजे तक बाजार बंद रहे। सोमवार को सात बजे के बाद बाजार खुलने शुरू हो गए। सुबह दस बजे तक तो अधिकांश दुकानें खुल गईं। सब्जी मंडी से लेकर फल मंडी, राशन की दुकान, कपड़ों की दुकानें, मोबाइल के बड़े बड़े शोरूम समेत तमाम प्रतिष्ठान खुल गए। ऐसे में दो दिन से सूने पड़े रामपुर के बाजारों की रौनक लौट आई। लोगों ने फल, सब्जी, राशन आदि की जमकर खरीदारी की। मिस्टन गंज, शादाब मार्केट, चाकू बाजार, बाजार नसरूल्ला खां, पुराना गंज, राजद्वारा, ज्वालानगर, सिविल लाइंस समेत तमाम इलाकों में लोगों ने ईद के मद्देनजर कपड़ों की खरीदारी की। बाजारों में भीड़ इतनी अधिक थी कि वाहन निकालना तो दूर पैदल चलना भी दुश्वार था। शाम तक बाजारों का यही हाल रहा।