प्रसव के कुछ देर बाद ही महिला की मौत से गुस्साए परिजनों एवं तीमारदारों ने सोमवार रात जिला महिला अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। महिला अस्पताल के ड्यूटी रूम व वार्ड में तोड़फोड़ की। खिड़कियों के शीशे तोड़े। कुर्सी-मेज उलट-पलट दी। दवाओं के पैकेट बिखेर दिये। स्टाफ को बंधक बनाकर मारपीट की।
इस तांडव में दूसरे मरीजों के तीन तीमारदार भी चुटहिल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस-पीएसी ने लाठियां फटकारकर स्थिति को नियंत्रित किया। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय जहांगीर निवासी नाजिम की पत्नी शबनम को प्रसव पीड़ा पर सोमवार सुबह जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार शाम करीब पौने छह बजे शबनम का अस्पताल में आपरेशन हुआ और बच्चे का जन्म हुआ। बच्चे के जन्म के करीब ढाई घंटे बाद शबनम की मौत हो गई। शबनम के मौत की खबर पाते ही कई रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए।
मायके पक्ष के स्थानीय परिचितों को साथ लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। इन गुस्साए लोगों ने इमरजेंसी ड्यूटी रूम, एएनसी वार्ड में तोड़फोड़ करने लगे। ड्यूटी रूम में इनवर्टर, मेज-कुर्सी और अलमारी फेंक दीं। वार्ड, ड्यूटी रूम पर लगे गेट के शीशे तोड़ दिए। स्टाफ की भी डंडों से पिटाई की। बीच-बचाव को आए लोगों को भी नहीं छोड़ा।
तोड़फोड़ के दौरान टूटे शीशे अन्य तीमारदारों को लगने से वह भी चुटहिल हुए। देर रात इस हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी आले हसन कोतवाली, गंज, सिविल लाइन थानाध्यक्षों के साथ फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। पहले पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। जब पुलिस की बात सुनने को लोग तैयार नजर न आए तो पुलिस ने लाठी फटकारते हुए भीड़ को तितर-बितर कर दिया। तीन लोगों निक्की, नावेद और सुहेल को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें जेल भेज दिया गया है।