पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वोटिंग में यदि बैलेट लूटने की कोशिश किसी ने भी की तो उसका जवाब पुलिस बुलेट चलाकर भी दे सकती है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराया जाएगा।
पंचायत चुनाव के तहत पहले चरण के लिए शुक्रवार को चमरौवा और शाहबाद क्षेत्र में वोटिंग कराई जाएगी। वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने दोनों ही ब्लाकों में सुरक्षा के इंतजाम किए है। डीएम राकेश कुमार सिंह एवं एसपी साधना गोस्वामी ने साफ किया कि पंचायत चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी। बूथ कैप्चरिंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
जरूरत पड़ने पर पुलिस गोली भी चला सकती है। साफ कहा कि शाहबाद और चमरौवा में 22 बूथों को अतिसंवेदशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। अतिसंवेदनशील बूथों पर पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान भी रहेंगे। इसके साथ ही थाना स्तर पर एक अतिरिक्त मोबाइल भी गठित की गई है। इसके साथ ही हर क्षेत्र में क्लस्टर जोन भी बनाया गया है।
डीएम-एसपी के मुताबिक पहले चरण के चुनाव में 1400 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। दो कंपनी पीएसी की रहेगी। एक ब्लाक में डीएम-एसपी खुद कमान संभालेंगे, जबकि दूसरे ब्लाक में एडीएम और एएसपी कमान संभालेंगे। सीडीओ भी इस दौरान मूवमेंट में रहेंगे। विशेष मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।