चंद दिनों के भीतर आजम खां के तीसरे किले पर जिला प्रशासन की कार्रवाई की गाज गिरी है। खुद आजम खां इन कार्रवाइयों पर तिलमिलाए हुए हैं। सपाई आगबबूला हैं। कार्रवाई की टाइमिंग पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
आजम खां ने तो जिला प्रशासन पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। लेकिन यह भी सच है कि आजम खां के खिलाफ अनगिनत शिकायतें शासन-प्रशासन में लंबित हैं। ज्यादा दिनों से लंबित होने की वजह से स्थानीय लोगों को बमुश्किल से यकीन हो रहा है कि आजम के किले इस तरह से एकएक करके ध्वस्त होंगे।
विज्ञापन
बुधवार को उप जिलाधिकारी सदर प्रेम प्रकाश, नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता, सीओ सिटी आशुतोष तिवारी तमाम पुलिस फोर्स के साथ पानदरीबा पहुंच गए। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई से पहले सुरक्षा की दृष्टि से पान दरीबा की ओर से जाने वाले सभी मार्गों को बंद कर दिया था। फिर भी कार्रवाई की भनक स्थानीय लोगों को लग गई। इससे पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। यहां से गेट पर लगे रामपुर पब्लिक स्कूल के बोर्ड को हटाया गया। इसके बाद राजकीय यूनानी चिकित्सालय का बैनर लगा दिया गया।
वहीं, 22 कमरे भी खाली कराए गए। रामपुर पब्लिक स्कूल का सारा सामान ओरिएंटल कालेज में स्थापित किया गया। करीब चार घंटे तक यह काम चला। अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद ने भी मौके का जायजा लिया।