रामपुर। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में हाईवे पर हुए हादसे में चिकित्सक घायल हो गए। आनन फानन उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने घायल डाक्टर को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना हाईवे पर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के गेट नंबर तीन के पास की है। ज्वालानगर साईं विहार निवासी डा. कुलदीप सिंह चौहान शनिवार की देर शाम ग्रुप सेंटर से बाइक लेकर निकले। वह जैसे ही हाईवे पर आए, तो उनकी बाइक को कार ने टक्कर मार दी, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर काफी लोग जमा हो गए। घायल चिकित्सक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मुरदाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।