रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक के चाचा की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
भोट थाना क्षेत्र के कोयली का मझरा गांव निवासी 19 वर्षीय दीपक राजपूत पुत्र दाताराम गुरुवार शाम को अपने पिता की दवा लेने रामपुर आया था। वह अपनी बाइक से रामपुर आया था। वापस लौटते समय राधा टाकीज के पास किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद सिविल लाइंस पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिजन भी आ गए। पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा जयप्रकाश की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वाहन की तलाश की जा रही है।