बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र के अहरो गांव में युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान के दो पौत्रों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गांव निवासी जमील अहमद के अनुसार, बृहस्पतिवार को उनका पुत्र इमरान हेयर कटिंग कराने जा रहा था। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते ग्राम प्रधान के पौत्र शादाब खान, आकिब खान, अमान खान और इरशाद खान ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अमान खान और इरशाद खान को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि मामले में जांच जारी है। वहीं ग्राम प्रधान नन्ही बेगम ने घटना को चुनावी रंजिश से जुड़ा बताया है।