बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र के चंदुआ नगला गांव में मामूली बात को लेकर एक युवक ने पड़ोस में रहने वाले कक्षा आठ के छात्र को गोली मार दी। घायल छात्र को गंभीर हालत में उपचार के लिए रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार चंदुआ नगला गांव निवासी कुलदीप सिंह का पड़ोसी सतेंद्र सिंह शुक्रवार रात करीब नौ बजे उनके घर के पास गाली-गलौज कर रहा था। कुलदीप सिंह ने उसे मना किया तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा।
इसके बाद सतेंद्र सिंह अपने घर से देसी बंदूक निकाल लाया और पहले हवा में फायर किया। फिर दूसरी गोली कुलदीप सिंह की ओर चलाई, जो उनके पास खड़े उनके 13 वर्षीय बेटे गुरताज सिंह के पेट में लग गई। गोली लगते ही गुरताज सिंह जमीन पर गिर पड़ा। घटना के दौरान परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर धमकी देता हुआ फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। परिजन घायल छात्र को तुरंत रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। सूचना मिलने पर खजुरिया थाना प्रभारी पंकज पंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने घायल छात्र के पिता कुलदीप सिंह की तहरीर पर सतेंद्र सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी की तलाश की जा रही है। घायल छात्र गुरताज सिंह, जो नगर के मिल्टन स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है, का उपचार जारी है और उसकी हालत में सुधार बताया गया है।