शाहबाद। राशन कार्ड बनवाने गए युवक के सामने तब अजीब स्थिति पैदा हो गई जब ऑनलाइन आवेदन के दौरान कंप्यूटर ने उसे मृत बता दिया। बार-बार प्रयास के बावजूद यही गलती आने से आवेदन नहीं हो सका।
तहसील क्षेत्र के नंदगांव निवासी विक्रम ने जन सेवा केंद्र के माध्यम से नया राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन प्रक्रिया के दौरान पोर्टल पर मैसेज दिखने लगा कि संबंधित सदस्य का विवरण उसकी मृत्यु के कारण पहले ही डिलीट किया जा चुका है। जीवित होते हुए भी सिस्टम में मृत दिखाए जाने से युवक परेशान हो गया।
उसने मामले की शिकायत एसडीएम से करते हुए रिकॉर्ड में सुधार की मांग की है। पूर्ति निरीक्षक किशनलाल ने बताया कि अगर राशन कार्ड बनवाने में समस्या हो रही है तो वह कार्यालय में आकर आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र जमा कर दें, पूरी मदद की जाएगी। उन्होंने जन सेवा केंद्र से आ रहे एरर यानी गलती के बारे में जानकारी होने से इनकार किया।