शाहबाद। कोतवाली क्षेत्र के भगवंतपुर का मझरा गांव निवासी मजदूर सौरभ (20) की लकड़ी से लदी ट्रॉली के जुट्टे के नीचे दबकर मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
मंगलवार को सौरभ अपने पिता और गांव के अन्य लोगों के साथ मजदूरी पर शाहबाद के ऊंचागांव के जंगल से लकड़ी काटने गया था। देर रात करीब 11 बजे लकड़ी काटने के बाद ट्रॉली में लादकर ट्रैक्टर से उसे शाहबाद लाया जा रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर पर सौरभ बैठा था। बताया जा रहा है कि ऊंचागांव और परौता गांव के संपर्क मार्ग के निकट झटका लगते ही वह ट्रैक्टर से उछलकर नीचे गिर गया। इस दौरान सौरभ ट्रॉली के नीचे आ गया। हादसे में उसके गंभीर चोटें आईं।
घटनास्थल पर मौजूद पिता ने चीख पुकार मचा दी। तुरंत सौरभ को सीएचसी लाया गया। चिकित्सकों ने सौरभ को देखकर मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कोतवाल पंकज पंत ने शव पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेजा। मृतक दो भाइयों में छोटा था। साैरभ की मौत से परिवार में मां माया देवी, भाई हिमांशु और दो बहन गुंजन और मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां ने जताई बेटे की हत्या की आशंका
मृतक सौरभ की मां माया देवी ने गांव के एक युवक समेत कई पर हत्या का आरोप लगाया है। माया देवी ने रोते हुए बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से करीब 100 मीटर दूर बेटा घायल अवस्था में मिला था। कोतवाल पंकज पंत ने बताया कि हत्या जैसा कोई मामला नहीं है। उसकी माैत हादसे में हुई है। घटना के समय उसका पिता भी साथ में था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर और तहरीर आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
भमोरा। फाईल फोटो अंजली- फोटो : mathura