रामपुर। बिलासपुर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कोटरा से साहूनगला तक लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस परियोजना के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिससे क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे ग्रामीणों का संपर्क मुख्य मार्गों से लगभग कट जाता था। नई सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। यहां आरसीसी बॉक्स का कंफर्ट बॉक्स भी तैयार किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के मुताबिक टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।
स्थानीय लोगों ने इस निर्णय पर खुशी जताई है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही उन्हें बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। इस परियोजना से क्षेत्र के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और लोगों की दैनिक जीवन की परेशानियां काफी हद तक कम होंगी।