टांडा/दढ़ियाल। क्षेत्र के ग्राम मवाना में महिला के झुलसने के बाद इलाज के दौरान हुई मौत पर टांडा के भगतपुर तिराहे पर हंगामे के बाद पुलिस ने देर रात पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
19 अप्रैल को ग्राम मुवाना में विवाहिता नीरू संदिग्ध हालात में आग से झुलस गई थी, जिसे उपचार के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 25 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। शव टांडा पहुंचने पर परिजनों ने भगतपुर तिराहे पर एंबुलेंस रोककर हंगामा किया था और कार्रवाई की मांग को लेकर मुरादाबाद-बाजपुर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया था।
महिलाओं ने सड़क पर लेटकर विरोध प्रदर्शन भी किया था, जिसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया था। मृतका के पिता रूप किशोर निवासी ग्राम करखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी पुत्री नीरू की शादी करीब दो वर्ष पूर्व ग्राम मुवाना निवासी रोहित के साथ की थी। शादी के बाद से ही आरोपी पति रोहित, जेठ चंचल, जेठानी रेखा, ननद आयुष तथा सास मीना देवी दहेज में साढ़े तीन लाख रुपये नकद की मांग को लेकर उसकी पुत्री को प्रताड़ित करते थे।
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर आए दिन मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। आरोप है कि 19 अप्रैल को सभी आरोपियों ने मिलकर महिला को कमरे में बंद कर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति रोहित, जेठ चंचल, जेठानी रेखा, ननद आयुष तथा सास मीना देवी निवासी ग्राम मुवाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।