रामपुर। फर्जी बिलों से हाट कुक्ड के भुगतान के आरोप में मिलक की सीडीपीओ का तबादला कर दिया गया। शहर की सीडीपीओ पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। इनके खिलाफ भी बाल पोषाहार और हाट कुक्ड में अनियमितता का आरोप है।
प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी भानुप्रताप सिंह ने करीब तीन महीने पहले बाल विकास परियोजना मिलक का निरीक्षण किया था। इस दौरान हाट कुक्ड के फर्जी बिल पाए गए। ऐसी फार्मों के नाम भुगतान करना दर्शाया गया, जो मौके पर नहीं मिलीं। इस मामले में बाल विकास परियोजना अधिकारी और सुपरवाइजरों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। प्रभारी डीपीओ ने सीडीपीओ और सुपरवाइजरों को दोषी मानते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी। शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मिलक की सीडीपीओ मंजूलता का मुजफ्फरनगर स्थानांतरण कर दिया गया। साथ ही एक बाबू का भी तबादला किया गया है। दोषी सुपरवाइजरों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
शहर सीडीपीओ पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। इनके खिलाफ भी किसान संगठन और कार्यकत्रियों ने बाल पोषाहार और हाट कुक्ड के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगा चुके हैं। शहर सीडीपीओ पर शाहबाद का भी चार्ज है। शाहबाद की मुख्य सेविका ने भी सीडीपीओ की शिकायत की है। सीडीपीओ के खिलाफ जांच बैठा दी गई है। साथ ही शासन को भी रिपोर्ट भेजी गई है।