रामपुर। खनन रोकने के लिए भाकियू ने शासन को खनन माफिया की सूची भेजी है। इसके अलावा माफिया पर कार्रवाई न होने पर बेमियादी धरना शुरू करने की भी चेतावनी दी है।
दढ़ियाल में हुई पंचायत में भाकियू ने खनन माफिया की लिस्ट तैयार की है। संगठन के प्रदेश सचिव बाबू अली ने बताया कि सबसे ज्यादा खनन दढ़ियाल में कोसी से हो रहा है। नदी किनारे स्टोन क्रेशर खोले गए हैं, पूरी रात जेसीबी, ट्रक और पोपलेन मशीन चलती हैं। स्टोन क्रेशर पर रेत को डंप किया जा रहा है। दूसरे जिलों को भी ट्रकों से रेत भेजी जा रही है। इसको रोकने की मांग को लेकर भाकियू ने खनन माफिया की लिस्ट तैयार कर भूतल एवं खनन निदेशक को ज्ञापन भेजा है। इसमें अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की गई है। ज्ञापन भेजने वालों में शेर सिंह, मुदस्सिर. मो. अहमद, जगतार सिंह, जगदीश, अनवार अली, खुर्शीद, गिरजेंद्र सिंह, मोहर सिंह शामिल थे।