मिलक। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जिले में जल्द ही एक बड़ी परियोजना लगाई जाएगी, जिसमें युवाओं को रोजगार के अवसर तो मिलेंगे ही, जिले के विकास को भी पंख लगेंगे। नकवी मिलक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के आदर्श ग्राम योजना के तहत लाटरी के माध्यम से बिलासपुर के गांव मानपुर ओझा को गोद लिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के करिश्माई नेतृत्व का लोहा देश ही नहीं, दुनिया भी मानने लगी है। सीमा पार से गोलीबारी को लेकर कहा कि कारगिल युद्ध के बाद पहली बार पाकिस्तान ने फिर से मुंह की खाी है। पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आए, वरना मिटने को तैयार हो जाए। हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनाव के बाद एग्जिट पोल को नतीजों से उत्साहित नकवी ने कहा कि कहा कि यूपी में भी लोगों को दो साल बाद सपा के कुशासन से मुक्ति मिलेगी और भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। कहा कि माया और मुलायम का राज अब जल्द लौटकरनहीं आने वाला है।
उन्होंने रामपुर को सियासत का नहीं, बल्कि सेवा का क्षेत्र बताया। कहा कि रामपुर में जल्द ही एक बड़ी परियोजना लगेगी। इसमें तमाम युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने लाटरी के जरिए बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के मानपुर ओझा गांव को आदर्श गांव के रूप में गोद लेने की घोषणा की। जनसभा में भाजपा जिलाध्यक्ष बल्देव सिंह औलख, पूर्व विधायक ज्वालाप्रसाद गंगवार और काशीराम दिवाकर, एमएलसी प्रत्याशी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, पालिकाध्यक्ष दीक्षा गंगवार, प्रमोद जौहरी, शिवबहादुर सक्सेना, सूर्य प्रकाश पाल, कपिल आर्य, सुरेश गंगवार, राम निवास सिंघल, प्रेमशंकर पांडेय, राजीव सक्सेना, ऋषि पांडेय, मुन्नी देवी गंगवार, हरीश गंगवार, शिवहरि गुप्ता, भागीरथ सिंह गंगवार, ख्याली राम लोधी, राजकुमार माहेश्वरी, राकेश मिश्रा, जागेश्वर दयाल दीक्षित मौजूद थे।