रामपुर। जिले में शुक्रवार को विजया दशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान नगर क्षेत्र में दो स्थानों पर अहंकारी रावण के पुतले का दहन किया गया। साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत मिलने पर नागरिकों ने खुशियां मनाई। इस दौरान प्रभु श्रीराम के जयकारों से समूचा क्षेत्र गुंजायमान रहा। इस मौके पर जिले में कई स्थानों पर दशहरा मेले का भी आयोजन किया गया। इसमें बच्चों, महिलाओं और युवा-बुजुर्गों ने जमकर खरीदारी की और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। उधर, रामलीला मैदान और मेले में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही।
कोसी मंदिर मार्ग स्थित रामलीला मैदान में श्री सनातन रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला मंचन किया गया। इसमें शुक्रवार शाम भगवान श्री राम और रावण युद्घ का मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम के अनेक दैवीय शक्तियां रावण के वध में जब असफल रहीं तो विभीषण ने प्रभु श्री राम को रावण की नाभि में स्थित अमृत कुंभ का रहस्य बताया। इस पर प्रभु श्रीराम ने रावण की नाभि पर अग्निबाण का वार किया। इस पर रावण धरती पर गिर पड़ा। बाद में मेला प्रांगण के पास रावण के पुतले का दहन भी किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि सांसद डॉ. नैपाल सिंह, पंडित रामभरोसे लाल, निर्मल सिंह समेत नवल किशोर खंडेलवाल, शिवहरि गर्ग, राकेश कुमार जैन, विष्णु सरन सर्राफ, वीरेंद्र कुमार गर्ग, हरीश चंद्र अग्रवाल, सुभाष चंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार गोयल, ईश्वर सरन अग्रवाल, विष्णु सरन, दिनेश आदि रहे।
वहीं दूसरी ओर ज्वालानगर में श्री आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला में श्रीराम और रावण युद्ध का मंचन किया गया। बाद में रावण का पुतला दहन किया गया। इस मौके पर सांसद डॉ. नैपाल सिंह, पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, श्याम लाल एडवोकेट, डा. अमित शर्मा, दिलीप सक्सेना, मुकुल अग्रवाल, हिमांशु शुक्ला, अशोक सक्सेना, सुभाष चंद्र सक्सेना, चितरंजन श्रीवास्तव, देवेंद्र श्रीवास्तव, अमित सक्सेना, सुरेश आदि मौजूद रहे।