सैदनगर। हाईवे पर कार सवार दो भाइयों को बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। बदमाश दोनों को सड़क पर फेंककर कार लूटकर ले गए। बदमाश कार को मेरठ के लिए बुक कराकर ले गए थे। सूचना मिलने के बाद परिजन मेरठ रवाना हो गए हैं।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के शौकतनगर गांव निवासी शहाबुद्दीन के बेटे नवाब और अहसान की कार कुछ लोगों ने मेरठ के लिए बुक कराई थी। इसी बुकिंग के आधार पर नवाब और अहसान दोनों भाई कार में सवार होकर बुकिंग लेकर मेरठ के लिए रवाना हो गए थे। कार में बुकिंग कराने वाले तीन बदमाश थे। आरोप है कि मेरठ के पास कार में सवार दोनों भाइयों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया और दोनों को सड़क किनारे फेंक दिया गया। बदमाश यहां से कार को लूटकर ले गए। घायल रात भर सड़क किनारे पड़े रहे। शनिवार की सुबह मेरठ पुलिस ने दोनों को सड़क किनारे घायल अवस्था में पाया। दोनों को मेरठ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। पुुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना के बाद नवाब और अहसान के परिजन मेरठ के लिए रवाना हो गए हैं।