रामपुर। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में रामपुर के कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। पूर्व सांसद बेगम नूरबानो इस सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रभारी हैं। इसके साथ ही सांसद डा. नैपाल सिंह ने भी भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जमकर प्रचार किया है।
गौरतलब है कि ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र कभी रामपुर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा हुआ करता था, जो बाद में परिसीमन के कारण मुरादाबाद संसदीय क्षेत्र में शामिल हो गया। रामपुर के नेताओं की ठाकुरद्वारा में अच्छी पकड़ रही है। ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र ने पूर्व में रामपुर संसदीय क्षेत्र से कई लोगों को दिल्ली तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की है। रामपुर जिले से इस विधानसभा सीट की सीमा लगती है। यही वजह है कि कांग्रेस ने इस उपचुनाव में पूर्व सांसद बेगम नूरबानो को चुनाव अभियान का प्रभारी बनाया है। बेगम नूरबानो पिछले कई दिनों से ठाकुरद्वारा में कैंप कर रही हैं। बेगम के पुत्र और विधायक नवेद मियां ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र से सटे गांवों में जनसंपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में वोट मांगे। रामपुर के सांसद डा. नैपाल सिंह ने भी इस क्षेत्र में प्रचार किया। इस विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान होगा। जीत हार का फैसला तो परिणाम आने के बाद होगा, लेकिन एक बात तो तय है कि इस सीट पर आने वाले परिणाम रामपुर की सियासत को प्रभावित करेगा।