रामपुर। नगर विकास मंत्री आजम खां ने भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सपा की पिछली सरकार में योगी आदित्यनाथ जेल चले गए थे तो संसद में फूट-फूटकर रोने लगे थे। अब वो फिर वैसी ही हरकत करने लगे हैं।
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर औरमैनपुरी में आयोजित जनसभाओं में आजम खां पर हमला बोला था। योगी ने कहा था कि आजम खां जोधा-अकबर की कहानी सुनाकर और लव जेहाद को पाक बताकर गलतफहमी में न रहें। आजम खां ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि लव भी पाक अल्फाज है और जेहाद भी। इस पाक अल्फाज का गलत इस्तेमाल न करें। जो गलत इस्तेमाल करेगा उसके लिए कानून है। कुछ लोग नफरतों से सियासी फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ के बयान कि अब कोई जोधा अकबर के साथ नहीं जाएगी, पर कहा कि वो मुख्तार अब्बास नकवी और शहनवाज हुसैन से पूछ लें। भाजपा विधायक सुरेश राणा की ओर से मुजफ्फरनगर आने की चुनौती देने पर कहा कि कुछ छोटे लोग हम पर पत्थर मारकर शोहरत पाने की कोशिश कर रहे हैं।