रामपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित के शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के तहत दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू हो गई। पहले दिन 20 पदों के लिए दो सौ आवेदकों की काउंसलिंग की गई। हालांकि अभी इनकी अगले आदेशों तक पोस्टिंग नहीं होगी।
यूपी सरकार प्रदेश के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित के 29 हजार शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है। इसके तहत रामपुर में 350 विज्ञान और गणित के शिक्षकों की तैनाती होनी है। पहले चरण की काउंसलिंग निपट चुकी है और दूसरे चरण की काउंसलिंग गुरुवार से शुरू हो गई। दूसरे चरण की काउंसलिंग में शेष बचे 93 पदों पर काउंसलिंग होनी है। इसके लिए पहले दिन 20 पदों के लिए गुरुवार को दो सौ आवेदकों को बुलाया गया था। बीएसए दफ्तर में शुरू हुई काउंसलिंग के दौरान तमाम आवेदक यहां जुटे और फिर काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्हें कोई जानकारी देने वाला भी नहीं मिल रहा था। इससे उनको भारी दिक्कत भी हो रही थी। पहले दिन काउंसलिंग में 20 पदों पर तैनाती को हरी झंडी दे दी गई है। शेष पदों के लिए काउंसलिंग शुक्रवार को कराई जाएगी। बीएसए एसके तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को भी काउंसलिंग होगी। इसके लिए पूरी तैयारी है।