रामपुर। इमामबाड़ा किला में मुनक्किद मजलिस में दिल्ली से आए सैयद नामदार अब्बास ने इराक पर आतंकियों के हमले की मजम्मत करते हुए कहा कि हुसैनियत से ही आतंकवाद को कुचला जा सकता है।
उन्होंने मजलिस में कहा कि आज ऐसा गिरोह इस्लाम के दुश्मनों ने पैदा कर दिया है जो इस्लाम का लबादा ओढ़े हैं लेकिन इनका इस्लाम या कुरआन से कोई वास्ता नहीं। वे सिर्फ अमेरिका के पिठ्ठू हैं। जो इस्लाम के फिरकों में नफरत फैलाकर तेल की दौलत पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इराक के तमाम शिया-सुन्नी उलेमा ने फिर एक बार इत्तेहाद और यक जहती का सुबूत दिया है और हर तरह से मसलकी तशदुद से अवाम को होशियार रहने की जरूरत है। मौलाना ने कहा कि यूरोपी ताकतें आतंकवादियों को सुन्नी बनाकर पेश कर रहे हैं,जबकि हकीकत यह है कि मजहब एहले सुन्नत है जो हजूर की सुन्नत पर अमल करती है। कहा कि इस्लाम का दुश्मन बहुत ही चालाक है। वह अफवाहें फैलाकर मुसलमानों को लड़ाकर इस्लाम मुल्कों को खत्म करना चाहता है। इस मौके पर सैयद अथर हुसैन, जफर हुसैन, एस कमल रिजवी, नदीम अकबर, मौलाना अली रजा, नासिर हुसैन, राशिद ऐजाज, गाजी अकबर, मिन्हाल अकबर, मुजतबा आबदी मौजूद रहे।