रामपुर। गेहूं की कटाई में तेजी आ गई है। इसके बाद भी गेहूं क्रय केंद्रों पर नहीं पहुंच रहा है। सिर्फ चार एजेंसियां अभी तक 37 मीट्रिक टन गेहूं खरीद सकी हैं। कई एजेंसियों ने अभी तक खाता भी नहीं खोला है। खरीद में तेजी लाने को कई केंद्रों पर छापेमारी की गई। इस दौरान पीसीएफ का एक सेंटर बंद मिला। केंद्र प्रभारी का जवाब तलब किया गया है।
जिले को 1.14 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के 115 केंद्र खोले गए हैं। कटाई में भी तेजी आ गई पर क्रय केंद्रों पर गेहूं नहीं पहुंच रहा है। खाद्य विभाग, यूपीएसएस, पीसीएफ और एसएफसी सिर्फ 37.08 मीट्रिक टन खरीद सका है। एफसीआई, यूपी एग्रो, कर्मचारी कल्याण निगम ने अभी तक खाता भी नहीं खोला है। चूंकि मंडी के भाव में तेजी है, इसलिए गेहूं मंडियों में ही पहुंच रहा है। डिप्टी आरएमओ शमा जावेद फरीदी ने खरीद में तेजी लाने के लिए पनवड़िया, शहजादनगर में पीसीएफ, धमोरा में यूपीएसएस, मिलक मंडी में एसएफसी, एग्रो, कर्मचारी कल्याण निगम, पटिया, केमरी, बिलासपुर में खाद्य विभाग के केंद्र पर छापा मारा। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि खानपुर में भी पीसीएफ के केंद्र पर छापा मारा, जो बंद मिला। पहले भी यह केंद्र बंद मिला था। मामले में केंद्र प्रभारी का जवाब तलब किया गया है। उनका कहना था कि अधिकतर केंद्रों पर व्यवस्था मुकम्मल पाई गई।