शाहबाद। रामपुर-बदायूं जिलों के बॉर्डर पर बह रही अरिल नदी के कटरी में रविवार को खनन कर रहे मजदूरों पर भरभरा कर ढांग गिर पड़ी तीन मजदूर मिट्टी में दब गए। आसपास काम कर रहे लोगों ने आनन-फानन खुदाई कर निकाला। जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। एक मजदूर की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उधर, मृतकों के घर कोहराम मचा गया।
बदायूं जिला के गांव भोजपुर निवासी रूप राम का बेटा अमरपाल (22) व सुरेश का बेटा दिनेश (24) तथा नन्हें रामपुर व बदायूं जिला की सीमा पर बह रही अरिल नदी की कटरी में ट्रैक्टर-ट्राली से अवैध रूप से रेत का खनन करने आए थे। रेत को ट्रैक्टर-ट्राली में भरते समय मिट्टी की ढांग गिर गई। जिसमें तीनों मजदूर दब गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। मजदूरों को मिट्टी में दबा देख ट्रैक्टर-ट्रालियों में रेत भर रहे अन्य लोगों ने दौड़ कर आनन-फानन में मिट्टी और रेत हटाकर तीनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक रूपराम के बेटे अमरपाल की मौत हो चुकी थी। जबकि दिनेश व नन्हें को गंभीर रूप से घायल देख तत्काल चंदौसी ले गए। रास्ते में दिनेश ने भी दम तोड़ दिया। नन्हे की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक अमरपाल का शव लेकर जब ग्रामीण घर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। मां प्रेमवती का रो-रो कर बुरा हाल था। यही हाल दिनेश के परिवार का भी था।