रामपुर। गंज क्षेत्र में स्थित कार की वर्कशाप को शनिवार रात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर वर्कशाप के ताले तोड़कर वहां करीब दो लाख का माल समेट कर ले गए। वर्कशाप खोलने पर चोरी का पता चला। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गंज थाना क्षेत्र के पीला तालाब निवासी हकीब की पहाड़ी गेट कार की वर्कशाप है। वह रोजाना की तरह शनिवार की शाम को वर्कशाप बंद करके घर चला गया था। आधी रात के बाद चोर वर्कशाप के ताले तोड़कर उसके अंदर घुस गए। करीब दो लाख का माल समेट कर फरार हो गए। अगले दिन जब हकीब वर्कशाप खोलने आया, शटर के ताले टूटे देखकर उसके होश उड़ गए। वर्क शाप के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। काफी सामान गायब था। वर्कशाप से चोरी के साथ वहां पर खड़ी कई कारों के बोनट भी निकालकर ले गए। सूचना के बाद सभी आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसी बीच सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। जहां दुकान स्वामी ने पुलिस को चोरी की तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैै। वर्कशाप स्वामी के मुताबिक चोर उसके यहां से 20 नई बैट्री कई गाड़ियों के पार्ट्स आदि करीब दो लाख का माल समेट कर ले गए।