रामपुर। उत्तराखंड के काशीपुर में मंगलवार को हुई फायरिंग की घटना के बाद रामपुर में पुलिस को सतर्क कर दिया। पुलिस ने उत्तराखंड से लगी सीमा पर गश्त बढ़ा दी। उत्तराखंड से आने व जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई। देर रात तक पुलिस अधिकारी काशीपुर की घटना पर नजर रखे हुए थे।
गौरतलब है कि मंगलवार को उत्तराखंड के काशीपुर में मजार की जमीन को कब्जे को लेकर बवाल हो गया, जिसमें फायरिंग भी हुई। पड़ोसी जिले में इस तरह की घटना होने के बाद रामपुर में पुलिस को सतर्क कर दिया गया। काशीपुर से रामपुर जिला जुड़ा हुआ है। स्वार और मसवासी काशीपुर से सटा हुआ है। जिले जो सीमा उत्तराखंड से लगती है वहां पुलिस को सतर्क कर दिया गया।
एसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि इस घटना का हमारे जनपद में वैसे तो कोई असर नहीं है। फिर भी सावधानी के मद्देनजर उत्तराखंड की सीमा पर सतकर्ता बढ़ा दी गई है। मसवासी, स्वार, टांडा, दढ़ियाल और बिलासपुर में पुलिस को सतर्क कर दिया। थाना प्रभारी और सीओ अपने-अपने इलाके में गश्त कर रहे हैं। उत्तराखंड से आने व जाने वाले वाहनों की चेकिंग भी की जा रही है।