रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र में शौचालयों की जांच को पहुंची अफसरों की टीम के सामने ही दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। बाद में पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सत्यापन किया। मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
क्षेत्र के रूपपुर गांव के कुछ लोगों ने डीएम से शिकायत की थी कि गांव के प्रधान ने शौचालयों के निर्माण में घपला किया है। उनका आरोप था कि यहां पर 43 शौचालय बनने हैं, लेकिन सिर्फ पांच लोगों के ही शौचालय बने हैं। शेष शौचालयों की रकम को हड़प कर लिया गया है। इस शिकायत के आधार पर डीएम ने उपदुग्धशाला अधिकारी रामप्रकाश के नेतृत्व में एक टीम को जांच सौपी। जांच के लिए मंगलवार को यह टीम गांव पहुंची। इस बीच प्रधान और दूसरे पक्ष के लोग आ गए। शिकायकर्ता को बुलवाया गया,लेकिन टीम के सामने कोई नहीं पहुंचा,जिस पर लोग झूठी शिकायत बताने लगे। इसी को लेकर दूसरा पक्ष आ गया और फिर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आनन-फानन में टीम ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हंगामा व मारपीट कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। इस मामले में चार लोगों केखिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बाद में टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सत्यापन किया गया,जिसमें पाया गया कि 43 में से 41 शौचालयो का निर्माण हो चुका है। दो में से एक शौचालय का निर्माण कराने से लाभार्थी ने ही मना कर दिया है। टीम के मुताबिक रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी।