रामपुर। परिषदीय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में तैनाती के लिए बुधवार को काउंसलिंग का आयोजन किया गया। जिसके बाद 68 सहायक अध्यापक और 8 प्रधानाध्यापकों को तैनाती दी गई। कांउसलिंग प्रक्रिया में 14 शिक्षकों ने कोई विकल्प नहीं दिया।
जिले में अंग्रेजी माध्यम के रूप में संचालित हो रहे 40 परिषदीय स्कूलों में सहायक अध्यापक और प्रधानाध्यापक के सौ से अधिक पद रिक्त थे। इन पदों को भरने के लिए 2 अगस्त को लिखित परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई थी। इस लिखित परीक्षा के लिए जिले के 144 शिक्षकों ने आवेदन किया था लेकिन 52 शिक्षक परीक्षा में शामिल नहीं हुए और 92 शिक्षक शामिल हुए। इसके बाद उसी दिन साक्षात्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। परीक्षा में 90 शिक्षक उत्तीर्ण हुए। इन शिक्षकों को स्कूलों में तैनाती के लिए विकल्प के लिए बुधवार को आयोजित हुई काउंसलिंग में बुलाया गया। काउंसलिंग प्रक्रिया दोपहर दो बजे शुरू हुई। काउंसलिंग में 68 शिक्षकों ने सहायक अध्यापक पद के लिए और 8 शिक्षकों ने प्रधानाध्यापक के लिए स्कूलों के विकल्प दिए। जिन्हें स्कूलों में तैनाती दे दी गई है। वहीं 12 सहायक अध्यापक पद और 2 प्रधानाध्यापक पद के लिए चयनित शिक्षकों ने शेष स्कूलों में तैनाती लेने में रूचि न दिखाते हुए विकल्प ही नहीं दिए। इस कारण इन शिक्षकों को तैनाती नहीं दी गई है।