रामपुर। गन्ना मूल्य बकाये के भुगतान को लेकर भाकियू जिले के तीनों चीनी मिलों पर धरना देगी। इस क्रम में 30 जुलाई से त्रिवेणी चीनी मिल पर 30 जुलाई तक अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। धरना तब तक जारी रहेगा जब तक चीनी मिल किसानों को गन्ना मूल्य बकाये का भुगतान नहीं कर देती है। इसी तरह का धरना रुद्र बिलास चीनी मिल और राणा शुगर मिल पर भी दिया जाएगा। इस बात का एलान बुधवार को भाकियू के जिला अध्यक्ष हसीब अहमद ने किया।
हसीब सिविल लाइंस स्थित भाकियू कार्यालय पर पंचायत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग किसानों का उत्पीड़न कर रहा है। किसानों पर फर्जी तरीके से एफआईआर कराई जा रही है। किसानों को आरसी भी जारी किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि जब तक किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं हो जाता है, वसूली पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया पड़ा हुआ है। जिला प्रशासन किसानों को भुगतान कराने की कोशिश नहीं कर रहा है। चीनी मिलों को आरसी क्यों नहीं जा रही है। इस मौके पर वीरेंद्र सिंह यादव, होरी लाल, चौधरी रामौतार, राजपाल, पप्पू यादव, अफसर अली, रामपाल, सुरेश कुमार, मंगल सिंह, प्रेमपाल, कल्बे अली, अफसर अली, मोहब्बे अली, जागीर सिंह, सरदूल सिंह चीमा, मनजीत सिंह, कमरुद्दीन और अमृतपाल सिंह सहित अन्य कई किसान मौजूद रहे।