कोर्ट रोड रोहड़ू के व्यापारी व राहगीर खुले के शौच के लिए मजबूर हैं। नगर परिषद क्षेत्र रोहड़ू के इस वार्ड में अभी तक एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण नहीं हो सका है। इससे यहां पर स्वच्छता अभियान की पोल खुल रही है। कोर्ट रोड में न्यायालय, एसडीएम कार्यालय, डाक घर, तहसील मुख्यालय सहित कई कार्यालय हैं। यहां करीब दो दर्जन दुकानें भी हैं। इसके बाद भी यहां पर शौचालय की सुविधा नहीं मिल सकी।
दुकानदार व आम लोग खुले में गंदगी फैला रहे हैं। महिलाओं को अधिक परेशानी आ रही है। कोर्ट रोड के दुकानदारों ने प्रशासन को शौचालय निर्माण की मांग के लिए ज्ञापन भी सौंपा। दुकानदार हरीश चौहान, सुरेंद्र चौहान, महेंद्र चावला, सोहन लाल, राकेश सोनी, नरोत्तम महंत, हैप्पी सोनी, कुकू चौहान, महताब, जवाहर जिंटा सहित करीब 40 दुकानदारों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष राधे श्याम का कहना है कि कोर्ट रोड रोहड़ू में शौचालय निर्माण का मामला ध्यान में है। यहां पर स्थान उपलब्ध नहीं हो रहा। दुकानदार सुझाव दें तो शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा।