रामपुर। जिले में कोरोना से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण कार्यक्रम में 30 अप्रैल तक 90270 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। साथ ही 22769 लोगों को दूसरी डोज का टीका भी लगाया जा चुका है। इतना ही नहीं जिले में अब तक करीब सवा चार लाख लोगों की कोरोना जांच कराई जा चुकी है।
जिले में कोविड संक्रमण की रोकथाम और उपचार को लेकर युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार को प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया कि जिले में अब तक कुल 426418 लोगों की कोरोना जांच कराई जा चुकी है। इसमें से 422631 की रिपोर्ट भी प्राप्त हो गई है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को जिले में शहरी क्षेत्रों में 139 एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 657 सर्विलांस टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों के द्वारा डोर-टू-डोर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है तथा संदिग्ध लोगों का एंटीजन किट के माध्यम से कोविड टेस्ट किया जा रहा है। इन टीमों ने 01 मार्च से अब तक 267817 घरों में 5007 संदिग्ध व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया है। सर्विलांस टीम की सक्रियता से जांच किए जाने पर 377 लोग पॉजिटिव पाये गये। वहीं जनपद में अब तक बने कंटेनमेंट जोनों में 108641 लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की गई है। जिले में वर्तमान में 916 एक्टिव केस होम आइसोलेशन में हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम और संक्रमितों की ट्रेसिंग व समय से उपचार के लिए 680 निगरानी समितियां और नगरीय क्षेत्रों में 188 निगरानी समितियां कार्य कर रही हैं।